मुंबई कमाने गए दुबारी के दो युवकों में से एक लापता 

06 May 2024

- परिजन परेशान, नहीं लग रहा सुराग

मऊ : मधुबन थाना क्षेत्र के दुबारी निवासी कमलेश पाल (40) पुत्र स्व. श्याम लाल और उसका साथी दुबारी निवासी रामप्रकाश सिंह दोनों तीन  मई को कमाने के लिए मुंबई के लिए बेल्थरा रोड से गोदान एक्सप्रेस से रवाना हुए। दूसरे दिन जब ट्रेन मुंबई पहुंची तो पता चला कि कमलेश पाल लापता है। उसका साथी रामप्रकाश सिंह मुंबई पहुंच गया। राम प्रकाश ने कमलेश के परिवार वालों को बताया कि उसका पता नहीं चल रहा है।तभी से कमलेश पाल के परिवार के सदस्य खोजबीन में लगे हुए हैं।

चालू टिकट लेकर हुआ था सवार

कमलेश पाल और रामप्रकाश सिंह दोनों बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन पर तीन मई की सुबह पहुंच गए। कमलेश पाल जनरल टिकट लिया और रामप्रकाश सिंह ने रिजर्वेशन कराया था। दोनों अलग अलग डिब्बों में बैठ गये। ट्रेन में काफी भीड़ के चलते बीच में दोनों आपस में मुलाकात नहीं कर पाए। दूसरे दिन ट्रेन के मुंबई पहुंचने पर रामप्रकाश सिंह अपने साथी कमलेश पाल की तलाश करने लगा लेकिन वह नहीं मिला। उसका कोई सुराग नहीं मिला।

जीआरपी से लगाई गुहार

उसने कमलेश पाल के परिवार वालों को इसकी सूचना दे दी। कमलेश के परिवार के सदस्यों ने रिश्तेदारी से लेकर सभी नजदीकीयों के यहां पता लगाया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। समय बीतने के साथ ही परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। परिवार के सदस्यों ने सोमवार को बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन के जीआरपी को पत्रक देकर लापता कमलेश का पता लगाने की गुहार लगाई। कमलेश पाल  का पता न लगने से उसकी मां प्रभावती देवी, पत्नी अनीता देवी, लड़के विकास, आकाश ,सुमित आदि काफी चिंतित हैं।



अन्य समाचार