इंडिया गठबंधन का यूपी में जीत से आगाज

08 Sep 2023

- 2024 से पहले घोसी के उपचुनाव में एनडीए की शर्मनाक हार
- गठबंधन के गठन के बाद पहला चुनाव परिणाम आया पाले में
- घोसी उपचुनाव में जीत के साथ इंडिया ने दे दिया अहम संदेश

सुभाष यादव

-----------

मऊ : इंडिया गठबंधन के बाद उत्तर प्रदेश में घोसी विधानसभा उप निर्वाचन का परिणाम गठबंधन के पक्ष में आया। गठबंधन के घटक दल सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह 42675 मतों से विजयी हो गए। इस प्रकार इंडिया गठबंधन के बाद पहले चुनाव का परिणाम घोसी विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए के विरोध में दे दिया।

घोसी में उतरा था योगी का मंत्रिमंडल

उत्तर प्रदेश में एकमात्र विधानसभा पर सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत के लिए मुख्यमंत्री सहित पूरे प्रदेश का मंत्रिमंडल उतर गया था। डेढ़ दर्जन से अधिक मंत्रियों, यूपी सहित देश के 13 प्रांतों के 100 से अधिक विधायकों, विधान परिषद सदस्यों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाजपा प्रत्याशी दारा चौहान को जिताने की भरपूर कोशिश के तहत धुआंधार प्रचार किया। दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक कई दिनों तक क्षेत्र में धुआंधार प्रचार करते रहे।

योगी ने भी की थी जनसभा

2 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं घोसी चीनी मिल में आकर दारा के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी कई दिनों तक विधानसभा क्षेत्र घोसी में डेरा डाले रहे। सभी जातियों के मंत्रियों को सजातीय बहुलता वाले क्षेत्रों में लगाया गया। क्षेत्र में निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद अपने कार्यकर्ताओं के साथ लगे रहे। अपने राजनीतिक भविष्य को धार देने में जुटे सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर अपने बेटों के साथ दारा को जिताने के लिए जी जान से लगे रहे।

सपा मुखिया अखिलेश ने भी की जनसभा

उधर इंडिया गठबंधन के घटक सपा के प्रत्याशी सुधाकर सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए स्वयं सपा प्रमुख, पूर्व मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव चुनावी जनसभा को संबोधित कर गए। उनके अलावा सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं थिंक टैंक कहे जाने वाले प्रोफेसर राम गोपाल यादव, महासचिव शिवपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व मंत्रीअंबिका चौधरी ,राम गोविंद चौधरी, बलराम यादव, नारद राय, राजपाल कश्यप, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ,संग्राम यादव ,डॉ एच एन पटेल, आलम बदी, वीरेंद्र यादव, जयप्रकाश अंचल , पूजा सोनकर , पूजा पटेल,राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव राय, जूही  सिंह आदि नेता क्षेत्र में लगातार चुनाव प्रचार करते रहे। इनके अलावा गठबंधन के घटक लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय राय, भाजपा के सचिव अतुल कुमार सिंह अनजान ,कांग्रेस के राज मंगल यादव सहित अन्य नेताओं ने सपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार किया।

2024 के लिए भाजपा को दी प्रबल चुनौती

अपनी चुनावी सभा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि घोसी विधानसभा का उपचुनाव का परिणाम आगामी 2024  में होने वाले लोकसभा चुनाव का संदेश देंगा। इसलिए उप निर्वाचन का चुनाव परिणाम सपा प्रत्याशी के पक्ष में जाना इंडिया गठबंधन के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है। राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि घोसी विधानसभा सीट पर गठबंधन की जीत ने भाजपा नेतृत्व को एक प्रबल चुनौती दे दी है। कहने को यह एक उपचुनाव का परिणाम है लेकिन यह भविष्य की बदलती राजनीतिक बयार का पूर्वाभास है।

इंडिया गठबंधन को मिला प्लेटफार्म

सपा जिला अध्यक्ष दूधनाथ यादव कहते हैं कि घोसी विधानसभा निर्वाचन के परिणाम ने इंडिया गठबंधन के लिए सार्थक भूमिका तैयार कर दी है। उन्होंने घोसी विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी लोकसभा 2024 के लिए भी मतदाता पूरी तरह से इंडिया गठबंधन के लिए कमर कस कर तैयार हैं। उधर भाकपा के सचिव अतुल कुमार अंजन कहते हैं कि घोसी विधानसभा सीट पर गठबंधन के प्रत्याशी की जीत ने पूरे देश में भाजपा के विरुद्ध तैयार हो रहे माहौल की दिशा तय कर दी है। सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय कहते हैं कि घोसी विधानसभा सीट पर सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह की ऐतिहासिक जीत ने इंडिया गठबंधन के पक्ष में बढ़ते जनाधार का संकेत दे दिया है।



अन्य समाचार