घोसी में सीएम योगी का दो सितंबर को उतरेगा उड़न खटोला

01 Sep 2023

- चीनी मिल में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे योगी
- उपचुनाव प्रचार में बीजेपी ने झोंक रखी है पूरी ताकत
- दोनों डिप्टी सीएम कई दिनों से कर रहे हैं चुनाव प्रचार

bulandawaj.com

--------------------

मऊ : घोसी उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनपद में आ रहे हैं। वे शनिवार को घोसी चीनी मिल में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में तथा भाजपा पदाधिकारी इसे सफल बनाने जुटे हुए हैं। मऊ जिले के घोसी उपचुनाव के लिए भाजपा और सपा अपनी ताकत झोंक दी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीते मंगलवार को कोपागंज में जनसभा को संबोधित किया था। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रत्याशी के  समर्थन में घोसी चीनी मिल के पास स्थित मैदान में जनसभा करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने जहां घोसी में डेरा डाल रखा है। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य  तीन तीन दिन जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं। अब दो सितंबर को मतदान से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी जनसभा के संबोधन से चुनावी माहौल के और रोचक होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

भाजपा और इंडिया की अग्निपरीक्षा बन गया है उपचुनाव 

उपचुनाव भाजपा और इंडिया गठबंधन की अग्निपरीक्षा बन गया है। दरअसल घोसी चुनाव सपा के साथ-साथ विपक्षी समावेशी गठबंधन इंडिया के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है। यही वजह है कि पिछले कई दिनों से सपा के प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव और महासचिव शिवपाल सिंह यादव समेत सभी प्रमुख दिग्गज नेता यहां डेरा जमाए हुए हैं। सपा के प्रत्याशी सुधाकर सिंह को कांग्रेस, रालोद और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और आप का भी समर्थन मिल चुका है। ये सभी इंडिया के घटक दल हैं और उन्होंने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के खिलाफ माहौल बनाने के लिए सपा प्रत्याशी को जिताने का आह्वान किया है। अगर चुनाव में जनता का फैसला सपा के पक्ष में रहा तो इंडिया ने इसे बड़े पैमाने पर प्रचारित करने का फैसला भी किया है, ताकि पूरे देश को यह संदेश दिया जा सके कि यूपी में इंडिया के प्रयोग को जनता ने पसंद किया। भाजपा एड़ी चोटी का जोर लगाकर इस सीट को फतह कर अपनी मजबूती बरकरार रहने का संदेश देने की रणनीति में जुटी हुई है।



अन्य समाचार