मऊ में चहुंओर कल्पनाथ का गुणगान

07 Aug 2023

-पुण्यतिथि पर याद किए गए जिले के सृजनकर्ता

bulandawaj.com

-------------------

मऊ : पूर्व मंत्री विकास पुरुष स्व कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को जिले में जगह-जगह उनका गुणगान किया गया। मऊ को जिले का दर्जा दिलाने से लेकर विकास की पटकथा लिखने की कहानी को याद किया गया। कांग्रेस ने स्वर्गीय राय के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का बखान किया। वही उनके पैतृक गांव सेमरी जमालपुर में पुत्रवधू भाजपा नेत्री डॉ सीता राय ने सुंदरकांड पाठ का आयोजन कर अपने बाबू जी के कार्यों को याद किया।

कांग्रेस ने दो जगह किया कार्यक्रम

कांग्रेस जनों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम करके उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुधा राय की अध्यक्षता में पार्टी के पूर्वी जोन प्रभारी विश्व विजय सिंह के मुख्य आतिथ्य में जनपद मुख्यालय पर पालिका कम्युनिटी हॉल में जागो जनता अभियान के साथ स्व कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की और आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत का भरोसा जताया। उधर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आफताब आलम की अध्यक्षता में जनपद प्रभारी डॉ  जनक कुशवाहा के मुख्य आतिथ्य में गोष्ठी आयोजित कर के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला गया। उधर स्व कल्पनाथ राय की पुत्र वधू भाजपा नेत्री डॉ सीता राय की ओर से उनके पैतृक गांव सेमरी जमालपुर में सुंदरकांड का पाठ किया गया और कल्पनाथ राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला गया।

भाजपा ने किया चुनावी धोखा : विश्व विजय सिंह

पालिका कम्युनिटी हॉल में मुख्य अतिथि विश्व विजय सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ने जनता के साथ चुनावी धोखा किया है। जिन मुद्दों के आधार पर कांग्रेस पर आरोप लगाकर भाजपा सत्ता में आई थी , उन्हें सत्ता के अहंकार में भूल गई। कमरतोड़ महंगाई और बढ़ती बेरोजगारी से आम जनमानस में भारी आक्रोश है।

कल्पनाथ के बाद किसी ने नहीं दिया विकास पर ध्यान : डॉ सुधा राय

डॉ सुधा राय ने कहा कि स्व कल्पनाथ राय ने मऊ जनपद सहित पूर्वांचल का विकास किया उनके निधन के बाद किसी भी जनप्रतिनिधि ने मऊ के विकास के बारे में ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी के खिलाफ जनता जागो अभियान शुरू करेगी। इसके तहत प्रत्येक जनपद में अभियान चलाएगी।

पिताजी के सपनों को पूरा करेंगे कांग्रेसजन : वैष्णवी राय

स्व कल्पनाथ राय की पुत्री वैष्णवी राय ने कहा कि कांग्रेस जन एकजुटता के साथ स्व पिता जी के सपने को पूरा करेंगे।सम्मेलन को सुरेश बहादुर सिंह, माधवेंद्र बहादुर सिंह, बलिया के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह, त्रिभुवन मिश्रा, उमाशंकर पाठक, मन्नान खान, रामप्यारे यादव, रामअवध यादव, विनय कुमार गौतम, राजमंगल यादव, रवि प्रकाश गोपाल, रणधीर सिंह, अरुण कुमार सिंह, रामचंद्र त्रिपाठी, सुभाष राम, राजू सिंह, मुबाशिर गनी, ओम नारायण शर्मा, प्रहलाद राय, देवेंद्र राय उर्फ मुन्नू राय, रामचंद्र राय, प्रदीप सिंह, मासूम अंसारी,अफसर खान, सुशीला श्रीवास्तव, प्यारेलाल, रामकमल राय,रामाधार निराला, नजीर अहमद, अनिल जायसवाल, विनय कुमार गौतम ने विचार व्यक्त किये।

मऊ के विकास का इतिहास लिख गए कल्पनाथ : जनक कुशवाहा

उधर बुनकर कालोनी में आयोजित  गोष्ठी में  जनपद प्रभारी डॉ जनक कुशवाहा ने कहा कि कल्पनाथ राय मऊ के विकास का इतिहास लिख गए हैं। जो मऊ के लिए स्वर्ण अक्षरों में अंकित और अमिट है। जिलाध्यक्ष इंतखाब आलम ने कहा स्वर्गीय कल्पनाथ राय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए रोल मॉडल थे।गोष्ठी को  शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विष्णु कुशवाहा, संजय यादव, घनश्याम सहाय, रामजपित पांडेय, पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान, मधुसूदन त्रिपाठी, अकरम प्रीमियर, उमाशंकर सिंह, धनंजय सिंह, राजकुमार राय, राना खातून , पूजा राय, शीला भारती, प्रेमचंद, रामकरन यादव आदि ने संबोधित किया।

डॉक्टर सीता राय ने कराया सुंदर पाठ

सेमरी जमालपुर गांव में डा. सीता राय ने सुंदर कांड का पाठ कराया।इस मौके पर भाजपा नेता सुनील गुप्ता, पूर्व प्रमुख सर्वेश राय, युवा भाजपा नेता सूरज राय, जिला पंचायत सदस्य अखिलेश राजभर, प्रितुलता पांडेय और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र यादव साधु आदि ने स्वर्गीय कल्पनाथ राय के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया।



अन्य समाचार