प्रयागराज में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति ने किया योग, बताया महत्व 

21 Jun 2022

-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के परिसर में सुबह-सबेरे लगा शिविर
-हजारों साल पुरानी योग शिक्षा जीवन को स्वस्थ बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम : कृष्ण मुरारी 

बुलंद आवाज ब्यूरो
------------------
प्रयागराज :
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश बार काउंसिल प्रयागराज परिसर में सुबह छह बजे योग शिविर लगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ अधिवक्ता-स्वस्थ समाज का संदेश दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे विश्व में योग की महत्ता और उसके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी अधिवक्ताओं को दी गई। साथ ही आग्रह किया गया कि प्रत्येक दिन अपनी दिनचर्या में योग को शामिल कर स्वस्थ जीवन व्यतीत करें। 
निरोगी काया रखने को करें योग 
मुख्य अतिथि सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी ने कहा कि भारत की हजारों साल पुरानी योग शिक्षा जीवन को स्वस्थ बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। निरोगी काया रखने के लिये हर नागरिक को योग करना चाहिए। सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति अशोक भूषण, अध्यक्ष एनसीएलटी ने येग की महत्ता पर प्रकाश डाला। 
सभी बीमारियों का स्वाभाविक उपचार : गौतम 
उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति गौतम चौधरी ने कहा कि योग के महत्व को दुनिया ने पहचाना है। यह सभी बीमारियों का स्वाभाविक उपचार है। इसका कोई विपरीत प्रभाव भी नहीं पड़ता है। प्रियदर्शिनी राठौर, क्षेत्रीय यूनानी एवं आयुर्वेदिक अधिकारी व योग प्रशिक्षक पंकज उपाध्याय, संतोष पांडेय ने अधिवक्ताओं, महिलाओं व छात्रों वर्ग के लोगों को दो घंटे तक योग का अभ्यास कराया। विभिन्न बीमारियों के उपचार के भी आसन का प्रदर्शन किया। 
योग को मिली अंतर्राष्ट्रीय मान्यता : अमरेंद्र 
कार्यक्रम संयोजक उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य व पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि योग प्राचीन भारतीय पद्धति है। यह मानव जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतर्राष्ट्रीय मान्यता मिली है। बार काउंसिल के उपाध्यक्ष राकेश पाठक ने संचालन किया। सदस्य व पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र मिश्र नगरहा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। 
बुजुर्गों को दें प्यार व सहयोग : डा.सिन्हा 
कार्यक्रम में डा.पीके सिन्हा पूर्व सीएमओ ने योग के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने अशक्त बुजुर्ग लोगों की मदद और उनके एकांकीपन से निजात दिलाने पर विचार रखा। कहा कि बुजुर्ग समाज को वर्तमान पीढ़ी उपेक्षित न कर उनको प्यार व सहयोग दे।
इनकी रही प्रमुख सहभागिता  
कार्यक्रम में शीता गौड़, अभिषेक शुक्ला, अभिषेक चौहान, अनिल पाठक, विनोद राय, संजीव सिंह, पीसी सिंह, अरविंद प्रताप सिंह सोनू, रवि कुशवाहा, रामसागर चौधरी, सावित्री सिंह, अखिल भारतीय महिला परिषद की निर्मला मिश्र, माया सिंह व बार काउंसिल के सदस्यगण आदि ने प्रतिभाग किया।    



अन्य समाचार