मऊ में अबू आसिम आजमी ने बताई मोदी की मजबूरी

22 Nov 2021

-सपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, पार्टी के जनाधार से डरी भाजपा
-सीएए धर्म विरोधी कानून, सशक्त गणतंत्र के लिये उसकी वापसी जरुरी
-परिवर्तन यात्रा लेकर मऊ पहुंचे, कई जगह कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

बुलंद आवाज ब्यूरो
------------------
मऊ : समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी परिवर्तन यात्रा लेकर सोमवार को मऊ पहुंचे। उनका जगह-जगह पार्टीजनों ने स्वागत किया। पूर्व पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल के निवास मसकन में मीडिया से रुबरु हुए। उन्होंने किसानों के खिलाफ बने तीनों कृषि कानून को वापस लेने के पीएम के ऐलान पर कहा कि यह उनकी मजबूरी थी। किसानों के आंदोलन ने उन्हें कानून वापसी की घोषणा करने को विवश किया।
बीजेपी की घातक नीतियों से अवाम अवगत
आजमी ने कहा कि किसान बिल वापसी का ऐलान उत्तर प्रदेश और अन्य चार राज्यों में होने वाले चुनावों के ऐन मौके पर किया गया। इससे स्पष्ट है कि समाजवादी पार्टी के दिन प्रतिदिन मजबूत होते जनाधार से बीजेपी काफी डरी हुई है। उन्होंने कहा कि इस घातक और विनाशकारी बिल वापसी के ऐलान से योगी सरकार को कोई राजनैतिक फायदा नहीं मिलने वाला है। बीजेपी सरकार की जनविरोधी एवं घातक नीतियों से जनता अच्छी तरह से अवगत हो चुकी है।
समाजवादी सरकार की वापसी तय
आजमी ने कहा कि सूबे में पुनः समाजवादी सरकार की वापसी तय है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में हम सूबे को पुनः उन्नति की राह पर ले जाने के लिये अभी से तत्पर हैं। सीएए पर पूछे गये एक सवाल का जवाब देते हुये उन्होंने कहा कि भारत एक गणतन्त्र राष्ट्र है। यहां हमारी व्यवस्था संविधान के अनुसार चलती है। सभी को अपने अपने धर्म के अनुसार काम करने की पूर्ण आजादी है। सीएए धर्म विरोधी कानून है। उसकी वापसी सशक्त गणतन्त्र के लिये अति आवश्यक है। मुख्तार के सवाल पर कन्नी काट गये। आज ही अखिलेश-शिवपाल के एक होने की संभावना जताई।
सपा सरकार ने मुसलमानों को दी थी 20 फीसदी भागीदारी
अबू आसिम ने मस्कन पर मौजूद पार्टी के नेताओं एवं मुस्लिम बुद्धिजीवियों से बातचीत की। कहा कि पिछली 2012 से 2017 में स्थापित समाजवादी सरकार ने मुसलमानों की उन्नति के लिये बड़े पैमाने पर काम किया। इनको सरकार में 20 प्रतिशत भागीदारी देकर इनके अतीत और भविष्य को बेहतर बनाने की राहें हमवार करने की लगातार कोशिश करती रही। कहा कि किसी भी समाज अथवा व्यक्ति की उन्नति तब तक सुनिश्चित नहीं हो सकती, जब तक वह स्वयं अपने आप को राजनैतिक तौर पर मजबूत न कर ले। सामूहिक उन्नति एवं विकास की कल्पना बिना राजनैतिक दृढ़ता, संकल्प एवं एकजुटता के सम्भव नहीं हो सकती। अरशद जमाल ने मस्कन पर आजमी का आभार प्रकट किया। कहा कि आपके आगमन से बुनकरों में एक नई जान आ गयी है। मऊ के बुनकर और अधिक ताकत और समर्पण के साथ समाजवादी पार्टी संग जुड़ेेंगे।
मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन का काटा केक
आजमी ने पार्टी के नेता मुरलीधर यादव के निवास पर समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के जन्म दिन का केक काटा। उनके दीर्घायु होने की दुआ की। सपा संरक्षक का संरक्षण लम्बे अर्से तक बने रहने की कामना की।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रवक्ता राजीव राय, पूर्व विधायक सुधाकर सिंह, पूर्व विधायक बैजनाथ पासवान, सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अल्ताफ अंसारी, रामधनी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवप्रताप यादव मुन्ना, महेन्द्र चौहान, जिला महासचिव कुद्दूस अंसारी, रामधनी चौहान, शहनवाज, दिलीप पाण्डेय, धीरज राजभर, राहुल निषाद, मुख्तार हुसैन, मुफ्ती अनवर अली, हाजी फैयाज सुमन, मोलवी अहमदुल्लाह, पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर, नगर अध्यक्ष जहीर सेराज, डा. ओमप्रकाश यादव, वीरेन्द्र चौहान व जामिया मिल्लिया इस्लामिया के प्रतिनिधि मण्डल में शामिल प्रदेश सचिव टांडा इंजीनियर एजाज अहमद अंसारी, इं0 सरफराज अहमद सज्जाद जहीर, फोजैल अहमद, शाहिद जमाल, खालिद अख्तर आदि मौजूद रहे।



अन्य समाचार