इन 10 चीजों को फ्रिज में ना रखें

07 Aug 2015

बाजार से फल सब्जी खरीदी और घर आते ही उसे फ्रिज में रख दिया। लेकिन फिर भी ताजा रहने की जगह वह दो ही दिन में गल गयी। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो ध्यान दें, कहीं आप इन चीजों को फ्रिज में तो नहीं रख रहे...

टमाटर : अधिकतर लोग टमाटर को फ्रिज में रखने की गलती करते हैं। टमाटर धूप में उगने वाला फल है। जी हां, वैज्ञानिक दृष्टि से टमाटर सब्जी नहीं, बल्कि फल है और इसे ढेर सारे पानी और धूप की जरूरत पड़ती है। मौसम ठंडा होने पर ये ठीक से उग नहीं पाता। इसी तरह फ्रिज में रखने पर ये जल्द ही गल जाता है।

केला : केला भी फ्रिज में रखने पर बहुत जल्द काला पड़ जाता है। इसकी डंडी में से इथाईलीन गैस निकलती है, जो आसपास के फलों को भी जल्दी पका देती है। इससे बचने के लिए केले की डंडी पर प्लास्टिक चढ़ा सकते हैं। इससे केला और उसके आसपास रखे फल लंबे समय तक ताजा रह पाते हैं।

सेब : सेब को अगर फ्रिज में रखना ही चाहते हैं तो कागज में लपेट कर नीचे फल सब्जी के लिए बने शेल्फ में ही रखें। बीज वाले फल जैसे आड़ू, आलूबुखारा और चेरी को भी फ्रिज में ना रखें। कम तापमान में इनमें मौजूद एंजाइम सक्रिय हो जाते हैं और फल जल्दी पक जाता है।

नींबू : सिट्रिक एसिड वाले फल जैसे कि नींबू और संतरे फ्रिज की ठंडक को बर्दाश्त नहीं कर पाते। इनके छिलके पर दाग पड़ने लगते हैं और स्वाद पर भी असर होता है। फ्रिज में रखने से इन फलों का रस सूखने लगता है।

खीरा : गर्मी के मौसम में लोग ठंडा खीरा खाना पसंद करते हैं। लेकिन दो या तीन दिन से ज्यादा ये फ्रिज में टिक ही नहीं पाते। इन्हें बाहर रखें लेकिन इथाईलीन गैस छोड़ने वाले केले और टमाटर से अलग। इन सभी फलों के लिए रसोई में एक रैक रख सकते हैं। हर शेल्फ पर अलग फल रखें ताकि वे एक दूसरे को नुकसान ना पहुंचाएं।

तरबूज : काटने के बाद तो तरबूज और खरबूजे को फ्रिज में रखना ही होगा लेकिन उससे पहले ऐसा ना करें। इन फलों में भारी मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो फ्रिज में रखने पर खराब हो सकते हैं। खीरा, तरबूज और खरबूजा खाने से कुछ देर पहले ही फ्रिज में ठंडा करने के लिए रखें।

आलू : फ्रिज में रखने से आलू का स्टार्च चीनी में तब्दील हो जाता है और इसके स्वाद पर असर पड़ता है। आलू को धूप से दूर रखना चाहिए। इसके लिए घर में ही कोई ठंडी जगह ढूंढें और प्लास्टिक की थैली से निकाल कर रखें ताकि आलू सांस ले सके। आलू के लिए 45 डिग्री का तापमान सबसे अच्छा है।

प्याज : कई लोगों को लगता है कि प्याज को फ्रिज से दूर रखने का कारण केवल उनकी गंध है। दरअसल आलू की तरह प्याज भी नमी से खराब होने लगता है। फ्रिज में रखने पर प्याज गल जाता है। इसे आलू की तरह किसी सूखी और अंधेरी जगह में रखें लेकिन आलू के साथ रखने की भूल ना करें। आलू से निकलने वाली गैस प्याज को खराब करती है।

लहसुन : प्याज की ही तरह लहसुन भी फ्रिज में ना रखें। इससे यह अंकुरित हो जाएगा और ढीला पड़ने लगेगा। लहसुन और प्याज को एक साथ रखा जा सकता है। ध्यान रहे कि इन पर धूप या बहुत ज्यादा रोशनी ना पड़े।

ब्रेड : वैसे तो ब्रेड को दो या तीन दिन में खा लेना चाहिए। लेकिन अगर आप पिज्जा ब्रेड, बर्गर ब्रेड इत्यादि संभाल कर रखना चाहते हैं तो इन्हें फ्रिज में नहीं, बल्कि फ्रीजर में रखें। फ्रिज में रखने से ब्रेड सूख जाती है। प्लास्टिक में लपेट कर फ्रीजर में रखने से उसकी नमी बरकरार रहती है। खाने से पहले उसे फ्रीजर से निकाल कर कुछ देर के लिए बाहर रख दें और फिर टोस्ट करें।



अन्य समाचार