राजीव राय ने दिखाई दरियादिली, बीमार समाजवादी तक पंहुची मदद

21 Oct 2021

---बुलंद आवाज इम्पैक्ट---
-पीजीआई आजमगढ़ में भर्ती सुखराम यादव शास्त्री की सुधि लेने पहुंची सपा सचिव की टीम
-आर्थिक तंगी के चलते तिल-तिल मरने को विवश वरिष्ठ सपाई के इलाज का उठाया जिम्मा
-सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता की मदद पहुंचते ही भावुक हो उठे शास्त्री, आंखों में छलक पड़े आंसू

बुलंद आवाज ब्यूरो
------------------
मऊ : मुसीबत के मारे लोगों के लिये किसी मसीहा से कम नहीं साबित होने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय ने एक बार फिर दरियादिली दिखाई। आर्थिक तंगी के चलते इलाज के अभाव में तिल-तिल कर मरने को विवश बीमार वरिष्ठ समाजवादी सुखराम यादव शास्त्री की सुधि ली। बुलंद आवाज की खबर का संज्ञान लेते हुए राजीव राय ने आजमगढ़ के च्रकपानपुर स्थित पीजीआई में भर्ती शास्त्री के यहां अपनी टीम भेजी। उन्हें आर्थिक मदद प्रदान कराई। भरोसा दिलाया कि उनके बेहतर इलाज में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व घोसी लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी की मदद पहुंचते ही शास़्त्री भावुक हो उठे। उनकी आंखों से कृतज्ञता के आंसू छलक पड़े।
जांच में ही खत्म हो गयी चंदे में मिली अल्पराशि
बता दें कि जिले के बार्डर पर स्थित बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के सरायभारती गांव के मड़ईपुरवा निवासी वरिष्ठ समाजवादी नेता सुखराम यादव शास्त्री (70) फेफड़े के संक्रमण से जूझ रहे हैं। खांसते समय उनके मुंह से खून निकल जा रहा है। आंत में पानी भर जाने की बीमारी है। आर्थिक रुप से कमजोर परिवार के लोग भी उनका बेहतर इलाज कराने में अक्षम हैं। पांच दिन पूर्व वह रतनपुरा में अपने दर्जी मित्र श्रवण से मिलकर अपनी पीड़ा सुनाये। कुछ लोगों ने चंदा जुटाकर 17 सौ रुपयों की मदद की। सपा नेता मन्नू यादव को उनके बीमारी की जानकारी हुई तो दो दिन पूर्व उन्होंने उन्हें आजमगढ़ के चक्रपानपुर पीजीआई में भर्ती कराया। वहां शास्त्री जी की तीमारदारी में उनका भतीजा रामभवन यादव लगा है। रामभवन के पास जो पैसे तो बुधवार को बाहर से जांच कराने में वह भी खर्च हो गये। अब उनके समक्ष उस अस्पताल से भी निकलने का संकट आ खड़ा हुआ था। कुंवारे रहकर समाजवाद की राह पर चलते हुए दलितों, शोषितों, मजलूमों के हक के लिये लड़ने वाले शास्त्री जी के बुढ़ापे में खुद की बीमारी का इलाज कराने में अक्षमता की खबर बुलंद आवाज ने 19 अक्टूबर को चलाई।
खुद की बीमारी को दरकिनार कर तत्पर हो उठे राजीव राय
सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय इन दिनों खुद गले में इंफेक्शन व तेज बुखार से पीड़ित हैं। डाक्टर की सलाह पर बैंगलोर में बेड रेस्ट कर रहे हैं। बुलंद आवाज की खबर व्हाट्सएप ग्रुप में पढ़ने के बाद वह अपनी बीमारी की परवाह किये बगैर मदद को तत्पर हो उठे। उन्होंने 20 अक्टूबर को बुलंद आवाज के संपादक बृजेश यादव से बातकर विस्तार से वस्तुस्थिति जानी। शास्त्री जी को बचाने के लिये हरसंभव इलाज की पूरी जिम्मेदारी लेने की बात कही। इसके बाद दरियादिल राजीव राय ने मऊ में मौजूद अपनी टीम को सहेजा। टीम में शामिल जयप्रकाश यादव, प्रभात राय, आशुतोष शाही, अजीत पांडेय व उपेंद्र यादव 21 अक्टूबर 2021 की दोपहर पहुंच गये चक्रपानपुर स्थित पीजीआई। वहां उन्होंने राजीव राय द्वारा प्रदान की गई आर्थिक मदद दी और उनके द्वारा इलाज में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। मदद मिलते ही राजीव राय व उनकी टीम के प्रति कृतज्ञता का भाव लिये शास़्त्री की आंखों में आंसू आ गये। धन्यवाद व्यक्त करते समय फफक पड़े।
बुलंद आवाज का मुरीद हुआ शास्त्री परिवार
वरिष्ठ समाजवादी सुखराम यादव शास्त्री का परिवार राजीव राय के प्रति जहां कृतज्ञ हुआ, वहीं बुलंद आवाज का मुरीद हो गया। इलाज के अभाव में दम तोड़ने को विवश शास्त्री जी की खबर दरियादिल सपा सचिव तक पहुंचाने को धन्यवाद ज्ञापित किया। उधर राजीव राय ने भी बुलंद आवाज की मानवता को समर्पित खबर की सराहना की। कहा कि ऐसी खबरों से लोगों के अंदर मानव सेवा का भाव जागृत होता है।



अन्य समाचार