दुर्दांत फिरदौस को मार गिराने वाले जाबांज का मऊ में सम्मान

06 Oct 2021

-राष्ट्रपति से राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार प्राप्त सीओ सिटी का हुआ अभिनंदन
-ब्राह्मण विकास परिषद ने बहादुर अफसर के माथे पर लगाया तिलक

बुलंद आवाज ब्यूरो
------------------
मऊ : गाजीपुर के विधायक कृष्णानंद राय की हत्या करने वाले बाहुबली विधायक मुख्तार गिरोह के दुर्दांत अपराधी फिरदौस को मुंबई में मार गिराने वाले जाबांज का मऊ में सम्मान किया गया। वह जाबांज धनंजय मिश्रा इन दिनों मऊ के सीओ सिटी हैं। उन्हें 15 अगस्त 2020 को राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार प्रदान करने को राष्ट्रपति द्वारा घोषित किया गया था। दो अक्टूबर 2021 को पुलिस मुख्यालय लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति पुरस्कार से उन्हें नवाजा। पुरस्कार प्राप्त कर लौटने के बाद धनंजय मिश्र को ब्राह्मण विकास परिषद ने सम्मानित किया। उनके माथे पर तिलक लगाकर अंगवस्त्रम व मार्ल्यापण किया।
अप्रैल 2006 में हुई थी मुठभेड़
भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की हत्या में शामिल फिरदौस फरार चल रहा था। उस पर यूपी पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। फिरदौस रायबरेली जिले के ऊंचाहार का निवासी था। उसके पीछे एसटीएफ व कई जिलों की फोर्स लगी थी। अप्रैल 2006 में उसकी लोकेशन मिलने पर एसटीएफ की टीम महाराष्ट्र पहुंची थी। वहां मुंबई शहर के मलाड में आमना-सामना होने पर मुठभेड़ हो गई। धनंजय मिश्र ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए जान पर खेलकर दुर्दांत को मार गिराया।
ब्राह्मण समाज का मस्तक किया ऊंचा
ब्राह्मण विकास परिषद के अध्यक्ष ऋषिकेश पांडेय ने कहा कि ब्राहमण समाज के लिए यह बहुत ही गौरव का क्षण है। राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय गौरव का पुरस्कार प्राप्त करके सीओ सिटी ने ब्राह्मण समुदाय का मस्तक ऊंचा कर दिया हैं।
इन्होंने किया अभिनंदन
सीओ सिटी धनंजय मिश्र का रामजी उपाध्याय, देव भास्कर तिवारी, रामजपित पांडेय, विजय शंकर तिवारी, अमरनाथ मिश्रा, जय नारायण द्विवेदी, राहुल पांडेय, मृत्युंजय तिवारी, डा. पंकज उपाध्याय, डा. बीएन पांडेय, पंकज उपाध्याय, रमाकांत तिवारी, रमाकांत मिश्रा, गजेंद्र पांडे, नागेंद्र मिश्र आदि ने अभिनंदन किया।



अन्य समाचार